भोपाल, 14 अप्रैल।
प्रदेश में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत बीते सात दिनों में विभिन्न जिलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 37 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ और संपत्ति जब्त की गई है तथा तस्करी में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
विदिशा में “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” के अंतर्गत पुलिस ने एक संगठित अंतरराज्यीय ड्रग गिरोह के विरुद्ध संयुक्त कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को पकड़ा। कार्रवाई में 92.01 ग्राम ब्राउन शुगर, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 15 हजार रुपये है, चार वाहन तथा 1 हजार 20 रुपये नकद सहित लगभग 1 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई। जांच में पता चला कि गिरोह चार स्तरों में संगठित रूप से कार्य कर रहा था, जिसमें किंगपिन, स्थानीय वितरक, डिलीवरी एजेंट और लॉजिस्टिक टीम शामिल थी। यह गिरोह राजस्थान से ब्राउन शुगर लाकर शहर में सप्लाई करता था और डिजिटल भुगतान व डेड ड्रॉप तकनीक के माध्यम से पुलिस से बचने का प्रयास करता था।
जबलपुर में क्राइम ब्रांच और खितौला थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 20 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन, 700 रुपये नकद और एक टैंकर ट्रक सहित लगभग 10 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इंदौर में क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी से 57.73 ग्राम एमडी ड्रग्स, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 5 लाख 80 हजार रुपये है, तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया। वहीं सदर बाजार पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक अन्य आरोपी से 12.74 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की। इसके अलावा तेजाजी नगर पुलिस ने 5.82 किलोग्राम गांजा और एक मोटरसाइकिल सहित 1 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति तथा छत्रीपुरा पुलिस ने 3 किलो गांजा जब्त किया।
मंदसौर में शामगढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 86 किलोग्राम डोडाचूरा और एक कार सहित लगभग 7 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की।
उज्जैन में पंवासा थाना पुलिस और क्राइम टीम की संयुक्त कार्रवाई में महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 55 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स और एक मोटरसाइकिल सहित लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति बरामद हुई।
भोपाल में शाहजहाँनाबाद थाना पुलिस ने एक मेडिकल संचालक को गिरफ्तार किया, जो बिना पर्चे के नशीली दवा ऑनरेक्स का अवैध विक्रय कर रहा था, जिसके पास से 211 शीशी दवा जब्त की गई। वहीं क्राइम ब्रांच ने 1.630 किलोग्राम चरस और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से वाहन, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक तराजू सहित लगभग 7 लाख रुपये की संपत्ति बरामद हुई।
खरगोन में बलवाड़ा थाना पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर 5 किलो 240 ग्राम गांजा जब्त किया। राजगढ़ में जीरापुर पुलिस ने 8.77 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को पकड़ा। सीधी में बहरी थाना पुलिस ने 15 ग्राम स्मैक, स्कूटी और अन्य सामान सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं टीकमगढ़ में दिगौड़ा थाना पुलिस ने 20 किलोग्राम से अधिक गांजे के पौधे जब्त कर आरोपियों को हिरासत में लिया।









.jpg)
.jpg)


