पश्चिम बंगाल, 4 मई।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के ताज़ा मतगणना रुझानों में भारतीय जनता पार्टी ने स्पष्ट बढ़त हासिल करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर बड़ी बढ़त बना ली है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार भाजपा 194 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस 92 सीटों पर सिमटती दिखाई दे रही है।
दोपहर 1:40 बजे तक आए रुझानों में भाजपा ने निर्णायक बढ़त बनाते हुए राजनीतिक समीकरणों को अपने पक्ष में मोड़ दिया है। दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस पिछड़ती नजर आ रही है।
नंदीग्राम और भवानीपुर से भाजपा प्रत्याशी तथा विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया कि शुरुआती बढ़त को पार्टी पूर्ण बहुमत में बदलने जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनाने की स्थिति में है और शुरुआती रुझान पार्टी की बढ़त को स्पष्ट दिखा रहे हैं।
सुवेंदु अधिकारी के अनुसार भवानीपुर सीट पर शुरुआती चरणों में मुकाबला बेहद करीबी रहा, लेकिन मतगणना आगे बढ़ने के साथ भाजपा के आगे निकलने की संभावना मजबूत है। उन्होंने यह भी कहा कि सत्ता विरोधी लहर और हिंदू मतों का एकजुट होना पार्टी की बढ़त का मुख्य कारण है, वहीं मालदा, मुर्शिदाबाद और उत्तर दिनाजपुर जैसे जिलों में अल्पसंख्यक वोटों के बंटवारे ने भी चुनावी तस्वीर को प्रभावित किया है।
राज्य में 294 विधानसभा क्षेत्रों में हुए मतदान ने इस बार रिकॉर्ड उपस्थिति दर्ज की है। पहले चरण में 93.19 प्रतिशत और दूसरे चरण में 91.66 प्रतिशत मतदान हुआ, जिससे कुल मतदान प्रतिशत 92.47 तक पहुंच गया है।





.jpg)



