रक्षा व सुरक्षा
14 Apr, 2026

सक्ती पावर प्लांट में भीषण बॉयलर विस्फोट, 9 मजदूरों की मौत और कई गंभीर

सक्ती जिले के वेदांता पावर प्लांट में हुए बॉयलर विस्फोट में 9 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

सक्ती, 14 अप्रैल।

सक्ती जिले के वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर बाद हुए भीषण बॉयलर विस्फोट में अब तक 9 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य की स्थिति गंभीर बनी हुई है। यह हादसा डभरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ, जहां अचानक हुए धमाके से पूरा परिसर दहल उठा।

पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना स्थल पर ही तीन मजदूरों ने दम तोड़ दिया था, जबकि छह अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान जान गंवाई। इस दुर्घटना में कुल 18 घायलों को रायगढ़ स्थित अस्पताल भेजा गया था, जहां छह की मौत हो गई, जबकि शेष 12 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे हुए हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। सभी घायलों के करीब 80 प्रतिशत तक झुलसने की बात सामने आई है।

बताया गया है कि सिंघीतराई स्थित इस पावर प्लांट में रोजाना की तरह काम चल रहा था, तभी दोपहर करीब 2 बजे अचानक बॉयलर में विस्फोट हो गया, जिससे 30 से 40 मजदूर आग की चपेट में आकर झुलस गए। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल दल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार बॉयलर के ट्यूब फटने से यह हादसा हुआ है। रायगढ़ के अलावा 11 घायलों को खरसिया स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद प्लांट के बाहर मजदूरों के परिजनों ने आक्रोश जताते हुए हंगामा किया और घायलों से मिलने की मांग की। मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित भारी पुलिस बल तैनात है और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।

घटना पर मुख्यमंत्री ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री ने भी पीड़ितों के लिए उचित मुआवजा और घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था करने की मांग उठाई है।

श्रम मंत्री ने इस हादसे की तत्काल जांच के निर्देश देते हुए कहा है कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ श्रम कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही घायलों के समुचित उपचार और मृतकों के परिजनों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सहायता देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

22° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़