लियुयांग, 05 मई।
चीन के मध्य प्रांत हुनान में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में 26 लोगों की मौत हो गई, जबकि 61 अन्य लोग घायल हो गए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
यह विस्फोट कल दोपहर लियुयांग स्थित हुआशेंग फायरवर्क्स मैन्युफैक्चरिंग एंड डिस्प्ले कंपनी की इकाई में हुआ, जो देश के प्रमुख पटाखा उत्पादन केंद्रों में से एक माना जाता है।
घटना के बाद राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है, जिसमें पांच अलग-अलग टीमों में संगठित 480 से अधिक बचावकर्मियों को तैनात किया गया है, साथ ही तीन बचाव रोबोट भी लगाए गए हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
विस्फोट स्थल के पास दो ब्लैक पाउडर गोदाम होने के कारण प्रशासन ने आसपास के इलाकों को खाली करा दिया और संभावित दूसरे विस्फोट को रोकने के लिए सुरक्षा घेरा बना दिया है। इसके साथ ही तीन किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
अधिकारियों द्वारा दूसरे चरण की तलाशी और बचाव अभियान भी शुरू कर दिया गया है ताकि किसी भी लापता व्यक्ति का पता लगाया जा सके।
चीन के आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने विशेषज्ञों की एक टीम को मौके पर भेजा है, जो राहत कार्यों की निगरानी कर रही है। वहीं कंपनी के जिम्मेदार व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इस घटना पर गहन जांच और कड़ी जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
लियुयांग शहर, जहां यह हादसा हुआ, दुनिया के सबसे बड़े पटाखा उत्पादन केंद्रों में से एक माना जाता है।






.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
