गुवाहाटी, 02 अप्रैल।
दिसपुर पुलिस ने खानापारा इलाके में मोबाइल चोरी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 18 चोरी किए गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजीव सिंह के रूप में हुई है। खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक वाहन (एएस-01 एचसी-3288) को रोककर तलाशी ली, जिसमें चोरी के सभी मोबाइल फोन मिले।
पुलिस का मानना है कि संजीव सिंह इस क्षेत्र में मोबाइल चोरी और अवैध बिक्री के बड़े नेटवर्क का हिस्सा है। बरामद किए गए फोन विभिन्न जगहों से चोरी किए गए थे। पुलिस अब इस रैकेट के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
दिसपुर पुलिस की यह कार्रवाई मोबाइल चोरी के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।












