भोपाल, 28 अप्रैल
राज्य शासन ने शासकीय सेवाओं में नवाचार और उत्कृष्ट कार्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार (नवाचार) 2026” के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इच्छुक अभ्यर्थी सामान्य प्रशासन विभाग की वेबसाइट के माध्यम से 15 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह पुरस्कार 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच किए गए नवाचार आधारित कार्यों के आधार पर प्रदान किया जाएगा।
इस योजना के तहत राज्य शासन के विभिन्न विभागों, निगमों, मंडलों तथा अन्य संस्थाओं में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारी पात्र होंगे। चयनित कार्यों में सुशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना, सामाजिक समावेश और आर्थिक विकास जैसे क्षेत्रों में किए गए नवाचार शामिल किए जाएंगे।
इस वर्ष कुल 15 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जिनमें प्रत्येक विजेता को एक लाख रुपये की राशि से सम्मानित किया जाएगा। यह पहल प्रशासनिक कार्यों में नवाचार और बेहतर प्रदर्शन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है।












