लखनऊ, 18 अप्रैल।
नगर निगम लखनऊ ने शहर में बढ़ते अवैध अतिक्रमण और यातायात बाधाओं को देखते हुए शनिवार को व्यापक स्तर पर सघन अभियान चलाया। नगर आयुक्त के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना रहा।
जोन-3 क्षेत्र में जोनल अधिकारी के निर्देशन में नगर निगम की टीम द्वारा कपूरथला चौराहे से मिडलैंड अस्पताल की पार्किंग तक विशेष अभियान संचालित किया गया। इस दौरान अवैध रूप से कब्जाई गई पार्किंग को खाली कराया गया और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। गोल मार्केट से मिडलैंड अस्पताल मार्ग तथा विद्यांचल मार्ग पर स्थित कई अस्थायी कब्जों पर कार्रवाई करते हुए लगभग 20 दुकानों को हटाया गया। साथ ही दो काउंटर जब्त किए गए और लगभग दो हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
इसी क्रम में जोन-6 में भी प्रशासनिक कार्रवाई की गई। जोनल अधिकारी के नेतृत्व में वार्ड भवानीगंज के मेंहदीगंज क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इंद्रियावाली मस्जिद से गणेशपुरी कॉलोनी तक फैले अवैध अस्थायी अतिक्रमण को हटाते हुए 13 ठेले, 4 काउंटर और 10 अस्थायी दुकानें हटाई गईं। इसके अतिरिक्त एक लोहे की सीवी और दो फ्लेक्स बोर्ड सहित अन्य सामान भी जब्त किया गया।
इस पूरे अभियान में कर अधीक्षक, कर निरीक्षक, नगर निगम की विशेष टीम तथा पुलिस बल की सक्रिय भूमिका रही, जिससे कार्रवाई सुचारु रूप से संपन्न हुई।










.jpg)