मध्य प्रदेश
26 May, 2026

नौतपा में बिजली कटौती से फूटा गुस्सा, ग्रामीणों ने सड़क पर किया चक्काजाम

सीहोर के बिजौरी क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों ने श्यामपुर रोड पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया और बिजली विभाग पर मनमानी के आरोप लगाए।

सीहोर, 26 मई ।

सीहोर जिले के बिजौरी क्षेत्र में मंगलवार को भीषण गर्मी और नौतपा के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। श्यामपुर रोड पर बड़ी संख्या में ग्रामीण युवक एकत्र होकर धरने पर बैठ गए और चक्काजाम कर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिनमें बस, ट्रक और कारें शामिल रहीं। ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए लंबे समय तक सड़क खाली नहीं की, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली वितरण कंपनी की ओर से मनमानी की जा रही है। एक ओर स्मार्ट मीटर के जरिए भारी-भरकम बिल भेजे जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर घंटों बिजली कटौती की जा रही है। इससे घरों में पंखे, कूलर और एसी बेकार साबित हो रहे हैं।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पम्पू वर्मा ने कहा कि बिजली कटौती के कारण बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आधारित छोटे रोजगार भी ठप हो गए हैं, जिससे आजीविका का संकट गहरा गया है।

हरीश चौधरी ने बताया कि कई बार बिजली विभाग से नियमित आपूर्ति की मांग की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई, जिसके चलते ग्रामीणों को मजबूर होकर सड़क पर उतरना पड़ा।

स्थिति बिगड़ने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर हालात नियंत्रित किए। बाद में बिजली कंपनी के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से शिकायतें लीं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

31° / 43°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़