अंबिकापुर, 31 मार्च 2026।
सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित संजय पार्क में वन विभाग की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। सोमवार शाम पार्क के बाड़े से एक हिरण बाहर निकलकर बांस बाड़ी की ओर भाग गया, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, पार्क का एक कर्मचारी हिरणों को चारा देने के लिए बाड़े में घुसा था, और इस दौरान गेट खुला रह गया। इस स्थिति का फायदा उठाकर एक हिरण बाहर निकल गया और तेज़ी से बांस बाड़ी की ओर भागने लगा। घटना के बाद वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और हिरण की तलाश शुरू की।

देर रात तक वन विभाग का अमला जंगल में टॉर्च लेकर हिरण को ढूंढने में जुटा रहा, लेकिन समाचार लिखे जाने तक हिरण का कोई पता नहीं चल सका। विभाग को आशंका है कि जंगल की ओर भागे हिरण पर आवारा कुत्तों का हमला हो सकता है, जिससे उसकी जान को खतरा हो सकता है।
लगभग एक सप्ताह पहले भी संजय पार्क में 4-5 आवारा कुत्तों ने हिरणों पर हमला कर दिया था, जिसमें 15 हिरणों की मौत हो गई थी। इस घटना की उच्च स्तरीय जांच अभी भी चल रही थी, कि एक और लापरवाही के चलते हिरण के भागने की घटना सामने आ गई है। फिलहाल, विभाग के अधिकारी इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से बच रहे हैं, जबकि हिरण की तलाश लगातार जारी है।











