भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी रोकथाम अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल की 45वीं वाहिनी बीरपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाली शराब और भारी मात्रा में भारतीय मुद्रा जब्त की है। इस कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, 08 मई 2026 की रात लगभग 10:55 बजे सीमा चौकी निओर के जवानों ने आंध्रामठ थाना पुलिस के साथ संयुक्त नाका जांच के दौरान यह कार्रवाई की। सीमा स्तंभ संख्या 229 के पास नेपाल से भारत की ओर हो रही संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर टीम पहले से सतर्क थी।
45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से शराब और नकदी की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर इलाके में घेराबंदी की गई और जांच अभियान तेज किया गया।
इसी दौरान नेपाल की ओर से भारत में प्रवेश कर रही दो महिलाओं को संदिग्ध अवस्था में रोका गया। पूछताछ में उनकी पहचान अमीना खातून (30 वर्ष), पति मोहम्मद जिब्राइल, निवासी निओर, थाना आंध्रामठ, जिला मधुबनी तथा लारूवती देवी (55 वर्ष), पति तनुक सदाय, निवासी निओर, के रूप में हुई।
तलाशी लेने पर दोनों के पास से कुल 10.8 लीटर नेपाली शराब और 1 लाख 8 हजार रुपये भारतीय मुद्रा बरामद की गई। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों महिलाओं और बरामद सामान को आगे की कार्रवाई के लिए आंध्रामठ थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
सुरक्षा बल के अधिकारियों ने कहा कि भारत–नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी, मादक पदार्थों की आवाजाही और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है।












.jpg)