सागर, 14 अप्रैल
सागर जिले की नवागत कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने पदभार संभालने के बाद विकास कार्यों को नई दिशा और गति देने के उद्देश्य से मंगलवार को मीडिया से सीधा संवाद किया। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित इस परिचर्चा के दौरान उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं और जिले की प्रमुख चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने स्पष्ट किया कि जिले में बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों का उन्नयन कर डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि शिक्षा व्यवस्था अधिक आधुनिक और सुलभ बन सके।
साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए जिला अस्पताल से लेकर ग्रामीण उप-स्वास्थ्य केंद्रों तक डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु रियल-टाइम मॉनिटरिंग प्रणाली लागू की जाएगी।
कृषि प्रधान जिले की आवश्यकताओं पर विशेष जोर देते हुए कलेक्टर ने कहा कि किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। इसके साथ ही जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के कार्य को तेजी से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने की बात भी कही।
बैठक के दौरान कलेक्टर का सख्त रुख भी देखने को मिला। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित की योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य अंत्योदय है, इसलिए हर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
संवाद के दौरान पत्रकारों ने शहर की यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण और स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दे भी उठाए। इस पर कलेक्टर ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
मीडिया की भूमिका पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया एक ओर जहां निगरानीकर्ता की भूमिका निभाता है, वहीं दूसरी ओर वह मार्गदर्शक भी है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक और जागरूकता बढ़ाने वाली खबरों के माध्यम से आमजन तक योजनाओं की जानकारी प्रभावी रूप से पहुंचनी चाहिए।









.jpg)
.jpg)

