नोएडा, 01 मई।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आगामी 15 जून से हवाई सेवाओं की शुरुआत होने जा रही है। इसके साथ ही दिल्ली एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत के यात्रियों को यहां से उड़ान और कार्गो दोनों की सुविधा मिलने लगेगी।
यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह ने जानकारी दी कि 15 जून को इस एयरपोर्ट से पहली उड़ान इंडिगो एयरलाइंस द्वारा संचालित की जाएगी। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं किया गया है कि उड़ान किस गंतव्य के लिए होगी और इसका समय क्या रहेगा, इसकी घोषणा एयरपोर्ट प्राधिकरण और संबंधित एयरलाइन जल्द करेगी।
उन्होंने बताया कि यह एयरपोर्ट आधुनिक टर्मिनल सुविधाओं, मजबूत आधारभूत संरचना, कुशल संचालन व्यवस्था और बहुआयामी कनेक्टिविटी का उत्कृष्ट उदाहरण है। वाणिज्यिक उड़ानों की शुरुआत से क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और पर्यटन, व्यापार तथा निवेश के नए अवसर विकसित होंगे।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार वाणिज्यिक सेवाएं शुरू होने से पहले सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी प्रणालियों और संचालन प्रक्रियाओं को सभी नियामक मानकों के अनुरूप पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। यहां से प्रारंभिक चरण में इंडिगो एयरलाइंस उड़ान शुरू करेगी, जिसके बाद जल्द ही अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी अपनी सेवाएं शुरू करेंगी।
आने वाले समय में विभिन्न शहरों के लिए उड़ानों का समय, गंतव्य और यात्री सुविधाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी सार्वजनिक की जाएगी, जिससे यात्रियों को पूरी सुविधा मिल सके।
उल्लेखनीय है कि जेवर में स्थित इस नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन 28 मार्च को किया गया था। इसके बाद से यहां घरेलू और कार्गो सेवाओं के शीघ्र शुरू होने की संभावनाएं जताई जा रही थीं। अब नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो से हवाई अड्डा सुरक्षा कार्यक्रम की मंजूरी मिलने के बाद 15 जून से उड़ान संचालन की औपचारिक शुरुआत तय कर दी गई है।









