उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जनपद में नोएडा के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बीते 24 घंटे के दौरान हुए कई अलग-अलग सड़क हादसों ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। इन घटनाओं में महिला समेत कुल 10 लोगों की मौत हो गई, जिससे स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया।
थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में हुए हादसे में बादल नामक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इसी तरह थाना बिसरख क्षेत्र में हुए हादसे में हरिओम शर्मा की जान चली गई। थाना सेक्टर-39 में हुए हादसे में अरविंद नामक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में एक वृद्ध राजन शर्मा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
थाना सेक्टर-58 में हुए हादसे में निशु नामक युवक की मौत हो गई। वहीं थाना दादरी क्षेत्र में रिहान, थाना फेस-वन क्षेत्र में राकेश कुमार सैनी और थाना दनकौर क्षेत्र में रोहित की सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु हो गई। थाना फेस-दो क्षेत्र में हुए एक अन्य हादसे में विशाल कुमार की भी जान चली गई।
इसके अतिरिक्त नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर एक बाइक सवार महिला पूनम शर्मा की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उनका बेटा घायल हो गया।
इन सभी मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और संबंधित थानों में आगे की जांच शुरू कर दी गई है।















