भोपाल, 22 अप्रैल
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के भाजपा विधायक प्रीतम लोधी को एसडीओपी को धमकाने के मामले में पार्टी ने नोटिस जारी किया है। यह नोटिस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा बुधवार को जारी किया गया, जिसमें विधायक से तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है।
नोटिस में कहा गया है कि विधायक का आचरण पार्टी के अनुशासन के खिलाफ है। इसके बाद चेतावनी दी गई है कि अगर विधायक ने तय समय सीमा में जवाब नहीं दिया, तो उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने 16 अप्रैल को पांच लोगों को अपनी थार वाहन से टक्कर मार दी थी। इसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर थार जब्त की और आरोपी को गिरफ्तार किया। इस बीच, विधायक प्रीतम लोधी ने एसडीओपी आयुष जाखड़ को धमकी दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
विधायक ने कहा कि वह एसडीओपी के बंगले को 10 हजार लोगों से भरवा देंगे और वह चुनाव भी लड़ेगा। इस पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रदेश भाजपा से रिपोर्ट मांगी थी। बुधवार को नोटिस जारी किया गया है। प्रीतम लोधी ने कहा कि उन्हें अब तक कोई आधिकारिक नोटिस नहीं मिला है, और वह नोटिस मिलने के बाद पार्टी के सामने अपना पक्ष रखेंगे।








.jpg)


