नई दिल्ली, 25 मार्च 2026।
केंद्र सरकार ने कांग्रेस पार्टी और भारतीय युवा कांग्रेस को उनके पुराने कार्यालय खाली करने का नोटिस भेजा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय 24 अकबर रोड का बंगला और भारतीय युवा कांग्रेस का कार्यालय 5 रायसीना रोड नोटिस के तहत 28 मार्च तक खाली करना होगा।
सूत्रों के अनुसार यह नोटिस एस्टेट विभाग की ओर से जारी किया गया है। कांग्रेस ने पिछले वर्ष कोटला मार्ग में नया मुख्यालय 'इंदिरा भवन' का उद्घाटन किया था, लेकिन इसके बावजूद पार्टी की गतिविधियां पुराने 24 अकबर रोड कार्यालय से जारी थीं। अब विभाग ने इस पर स्पष्ट कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया है।
उल्लेखनीय है कि 1978 से 24 अकबर रोड का बंगला कांग्रेस का मुख्यालय रहा है। पिछले 48 वर्षों में यहां पार्टी की कई रणनीतियां तय हुईं और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। हालांकि नया मुख्यालय बनने के बाद भी पार्टी की कई गतिविधियां पुराने कार्यालय से संचालित होती रही हैं।
नोटिस के बाद कांग्रेस और भारतीय युवा कांग्रेस को अपने कार्यालयों को समय पर खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का यह कदम स्पष्ट रूप से पुराने परिसरों पर नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से लिया गया है।












