बलरामपुर, 25 मार्च 2026।
चैत्र नवरात्रि की सप्तमी तिथि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को शक्तिपीठ देवीपाटन में मां पाटेश्वरी देवी का विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर परिसर में स्थापित पात्र देवता रतन नाथ योगी के दालिचा पर भी श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर निर्धारित समय से लगभग एक घंटे विलंब से दोपहर 1:20 बजे मां पाटेश्वरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भवानियापुर स्थित हेलीपैड पर उतरा। वहां उन्हें देवीपाटन पीठाधीश्वर मिथलेश नाथ योगी महाराज ने स्वागत किया। हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद मुख्यमंत्री का काफिला सीधे मंदिर पहुंचा और गर्भगृह में जाकर उन्होंने माता पाटेश्वरी का दर्शन-पूजन किया।

पूजन-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थापित पात्र देवता रतन नाथ योगी के दालिचा पर भी मत्था टेका। पूरे मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित किया।
मुख्यमंत्री करीब दो घंटे तक मंदिर में रुके, इसके बाद कार द्वारा हेलीपैड लौटकर आगे के कार्यक्रम के लिए प्रस्थान किया। उल्लेखनीय है कि बीते 15 दिनों में यह देवीपाटन मंदिर में उनकी दूसरी यात्रा थी। नवरात्रि मेले के दौरान मुख्यमंत्री के आगमन से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। मंदिर परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखा गया ताकि दूर-दराज से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।












