न्यायपालिका
17 Apr, 2026

पेपर लीक मामले में 28 आरोपियों की जमानत पर सुनवाई, अदालत ने केस डायरी तलब की

उत्पाद सिपाही भर्ती पेपर लीक मामले में गिरफ्तार 28 आरोपियों की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई, अदालत ने केस डायरी तलब करते हुए अगली सुनवाई 20 अप्रैल तय की।

रांची, 17 अप्रैल।

उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़े पेपर लीक प्रकरण में गिरफ्तार कर जेल भेजे गए 28 आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर शुक्रवार को अपर न्यायायुक्त योगेश कुमार की अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने मामले की केस डायरी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। इस प्रकरण में अगली सुनवाई 20 अप्रैल को निर्धारित की गई है।

जमानत याचिका दाखिल करने वाले 28 आरोपियों में अनिल कुमार यादव, विवेक कुमार सिंह, आकाश कुमार, शिवम सिंह, ममता कुमारी, मणिशंकर भगत, संजीत कुमार, संदीप कुमार, श्रीमती कुमारी, मोहम्मद मुख्तार अंसारी समेत अन्य नाम शामिल हैं।

इससे पूर्व बुधवार को भी 20 आरोपियों ने जमानत के लिए आवेदन किया था। अदालत में इनकी ओर से तर्क दिया गया कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है और उनके विरुद्ध आपराधिक मुकदमा चलने पर उनका शैक्षणिक भविष्य प्रभावित होकर समाप्त हो सकता है।

उल्लेखनीय है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि रड़गांव स्थित एक अर्धनिर्मित स्थल पर 159 अभ्यर्थियों की भीड़ एकत्रित है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए विशेष छापेमारी दल ने 11 अप्रैल की देर रात छापा मारा, जिसमें 164 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें 152 पुरुष अभ्यर्थी, 7 महिला अभ्यर्थी, 5 गैंग सरगना तथा अन्य शामिल थे।

पुलिस के पहुंचने पर मौके पर अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। गिरफ्तार आरोपियों में अंतरराज्यीय पेपर लीक एवं सॉल्वर गैंग के कथित सरगना अतुल वत्स, विकास कुमार, शेर सिंह, आशीष कुमार और योगेश प्रसाद भी शामिल बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार गैंग के एजेंटों ने तमाड़ के रड़गांव में अभ्यर्थियों को एकत्र कर उन्हें प्रश्नों के उत्तर याद करवाए जा रहे थे। इसके अलावा उनके मोबाइल फोन और प्रवेश पत्र भी अपने कब्जे में रखे गए थे। अभ्यर्थियों से 15-15 लाख रुपये में सौदा तय होने की बात सामने आई है, जबकि कुछ ने गैंग सदस्यों के नाम पर बैंक चेक भी दिए थे। इस मामले में तमाड़ थाना में कांड संख्या 21/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

24° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़