झारखंड, 17 अप्रैल।
झारखंड में उग्रवाद के खिलाफ चल रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है, जहां खुफिया ब्यूरो के इनपुट के आधार पर की गई संयुक्त कार्रवाई में चतरा और हजारीबाग जिले की सीमा पर चार कुख्यात नक्सलियों को मार गिराया गया। मारे गए नक्सलियों में 15 लाख रुपये का इनामी कमांडर सहदेव महतो भी शामिल था, जिसकी पुष्टि पुलिस मुख्यालय के सूत्रों ने की है।
सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी शुरू की। घिरने पर नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला। कई घंटों तक चली मुठभेड़ में चार नक्सली मौके पर ही ढेर हो गए, जबकि अन्य के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।
सर्च ऑपरेशन के दौरान घटनास्थल से दो एके-47 राइफल, अन्य आधुनिक और देसी हथियार, नक्सली दस्तावेज, दैनिक उपयोग की सामग्री तथा भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए। बताया गया कि मारा गया सहदेव महतो इलाके में कई बड़ी वारदातों का मास्टरमाइंड माना जाता था।
इसी बीच पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र के छोटानागरा थाना अंतर्गत बालिबा के पास चडराडेरा जंगल में भी सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के एक बड़े दस्ते को चारों ओर से घेर लिया है और सभी भागने के मार्ग सील कर दिए गए हैं। आसमान से भी निगरानी की जा रही है। जानकारी के अनुसार इस दस्ते में एक करोड़ रुपये का इनामी नक्सली मिसिर बेसरा भी मौजूद हो सकता है और इसमें सौ से अधिक नक्सलियों के होने की संभावना है।
चाईबासा के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने बताया कि जंगल में सर्च अभियान लगातार जारी है और विस्तृत जानकारी का इंतजार है। पिछले तीन दिनों में इसी इलाके में आईईडी विस्फोट और गोलीबारी की घटनाओं में छह जवान घायल हो चुके हैं।







.jpg)
.jpg)





.jpg)