उदयपुर, 16 अप्रैल
उदयपुर जिले में स्थित कानोड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एक डॉक्टर के सरकारी क्वार्टर में एएनएम द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है, जिसके बाद शव को सीढ़ियों पर छोड़कर फरार हुए आरोपी डॉक्टर को पुलिस ने घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया है।
मृतका की पहचान 30 वर्षीय अनीता मीणा के रूप में हुई है, जो राजपुरा सीएचसी में कार्यरत थी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, कानोड़ सीएचसी में तैनात डॉ. सुरेंद्र बिजारणिया और एएनएम अनीता मीणा के बीच लंबे समय से संबंध थे, जिनकी मुलाकात ड्यूटी और बैठकों के दौरान हुई थी। बाद में स्थिति तब बिगड़ गई जब दिसंबर में डॉक्टर ने किसी अन्य से विवाह कर लिया, जिसके बाद अनीता द्वारा लगातार विवाह को लेकर दबाव बनाया जा रहा था और इसी कारण दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया।
बताया जा रहा है कि अनीता पिछले चार दिनों से डॉक्टर के सरकारी क्वार्टर में रह रही थी। इसी दौरान बुधवार देर रात उसने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
घटना के बाद चौंकाने वाली स्थिति तब बनी जब डॉक्टर ने शव को नीचे उतारा, लेकिन पुलिस को सूचना देने के बजाय उसे सीढ़ियों पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के समय डॉक्टर की अस्पताल में नाइट ड्यूटी निर्धारित थी, लेकिन वह ड्यूटी छोड़कर भाग निकला।
सूचना मिलने पर परिजन सक्रिय हुए और पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कराई, जिसके बाद रात करीब 1 बजे चित्तौड़गढ़ के मंगलवाड़ थाना क्षेत्र में आरोपी डॉक्टर को पकड़कर कानोड़ पुलिस के हवाले कर दिया गया।
थानाधिकारी के अनुसार दोनों के बीच संबंध थे और डॉक्टर के विवाह के बाद से अनीता मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।





.jpg)


.jpg)
.jpg)