अपराध
09 May, 2026

राजगढ़ में पारदी गैंग गिरफ्तार, 15 लाख की चोरी का खुलासा

राजगढ़ पुलिस ने दिनदहाड़े सूने घरों में चोरी करने वाले पारदी गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर 15 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया।

राजगढ़, 09 मई

मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में नरसिंहगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिनदहाड़े सूने मकानों में चोरी करने वाले पारदी गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लगभग 15 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है।

नरसिंहगढ़ एसडीओपी मिनी शुक्ला ने शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि 21 अप्रैल को फरियादी गजराज लववंशी के घर दिन में चोरी की वारदात हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के. एल. बंजारे और एसडीओपी मिनी शुक्ला के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने जांच के दौरान 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी डेटा का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की।

इसके बाद पुलिस ने नारायण (20), जोगेश (20), इंद्रराज (24) और कमलेश (50) को हिरासत में लिया। सभी आरोपी पारदी समुदाय से बताए गए हैं और इनके ठिकाने भोपाल और विदिशा जिलों में पाए गए।

पुलिस ने इनके कब्जे से लगभग साढ़े सात लाख रुपये के सोने के गहने, चार लाख रुपये के चांदी के आभूषण तथा घटना में प्रयुक्त करीब 2.95 लाख रुपये की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। कुल बरामद माल की कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने देवगढ़ गांव में हुई एक अन्य चोरी की घटना को भी स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह दिन के समय सूने घरों को निशाना बनाता था और वारदात के दौरान ऐसे साक्ष्य छोड़ता था जिससे आसपास के लोगों पर शक पैदा हो सके।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़