कोलकाता, 22 अप्रैल।
पश्चिम बंगाल में भीषण गर्मी और उमस के बीच मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण बंगाल के पुरुलिया, बांकुड़ा और पश्चिम मेदिनीपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका भी व्यक्त की गई है।
इधर, कई इलाकों में गर्मी और उमस का प्रभाव लगातार बना हुआ है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में हाल के दिनों में तापमान काफी अधिक दर्ज किया गया है, खासकर आसनसोल और आसपास के क्षेत्रों में गर्मी अधिक महसूस की जा रही है, जबकि उत्तर बंगाल में तापमान अपेक्षाकृत कम बना हुआ है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय तेज धूप से बचने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में राज्य में गर्मी के साथ-साथ बीच-बीच में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।






.jpg)




