कानपुर, 08 अप्रैल 2026।
चकेरी थाना क्षेत्र में बीते गुरुवार को हुई राजमिस्त्री की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस प्रकरण में पुलिस ने मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
एडीसीपी पूर्वी अंजलि विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि हमीरपुर जनपद का रहने वाला कन्हैया उर्फ आशीष शर्मा (52) पेशे से राजमिस्त्री था और पिछले कुछ समय से चकेरी के श्याम नगर इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। उसकी पत्नी आरती अपने बेटे लवकुश के साथ गांव में रहती थी। एक अप्रैल की देर रात अज्ञात व्यक्ति ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी।
अगले दिन बेटे द्वारा फोन किए जाने पर कॉल रिसीव नहीं हुआ तो उसने मकान मालिक से जानकारी ली, जिसके बाद घटना का पता चला। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरती पर संदेह हुआ और उसका मोबाइल सर्विलांस पर लिया गया। साथ ही सीसीटीवी फुटेज की जांच में घटना की रात उसे एक युवक के साथ घर में प्रवेश करते हुए देखा गया।
पुलिस जब हमीरपुर पहुंची तो पता चला कि आरती के पड़ोस में रहने वाले सबलू खान उर्फ सफात के साथ उसके संबंध थे। इसके बाद आरती को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने बताया कि पति के शराब सेवन और मारपीट से परेशान होकर उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई और घटना को अंजाम दिया।
आरती की गिरफ्तारी के बाद उसका प्रेमी सबलू मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार मृतक आशीष शर्मा हिस्ट्रीशीटर भी था और उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में चार मुकदमे दर्ज थे।













