अपराध
14 Apr, 2026

फर्जी आधार-पैन कार्ड गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

सुपौल में पुलिस ने अवैध तरीके से फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

सुपौल, 14 अप्रैल।

जिले में फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना पुलिस द्वारा की गई।

पुलिस को 9 अप्रैल को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि बसबिट्टी चौक स्थित एक छोटे आधार केंद्र में अवैध तरीके से आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य सरकारी दस्तावेज बनाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त दो व्यक्तियों बाबूल कुमार गुप्ता (23) और मुकेश पासवान (30) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी एक वेबसाइट के माध्यम से फर्जी आवासीय प्रमाण पत्र बनाकर आधार सॉफ्टवेयर को बायपास करते हुए कार्ड तैयार करते थे।

जांच के दौरान इस पूरे नेटवर्क में वेबसाइट संचालक पप्पू कुमार की भूमिका भी उजागर हुई, जिसे सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आगे की पड़ताल में यह भी सामने आया कि उक्त वेबसाइट पर विभिन्न राज्यों के करीब 1250 से अधिक उपयोगकर्ता खाते सक्रिय थे।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 6 लैपटॉप, 4 फिंगरप्रिंट स्कैनर, 4 आईरिस स्कैनर, 2 जीपीएस उपकरण, 3 कैमरे, 8 मोबाइल फोन, 50 सिम कार्ड और बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज जब्त किए हैं।

इस प्रकरण में साइबर थाना सुपौल में मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच लगातार जारी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

22° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़