रसड़ा, 14 मई।
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के कैथीकला गांव में बुधवार को खेत में भैंस चराने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों ओर से हुई लाठी-डंडों की मारपीट में एक 65 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, गांव में सत्येन्द्र राम द्वारा मुन्ना राजभर के खेत में भैंस चराई जा रही थी, जिस पर मुन्ना राजभर के परिजनों ने आपत्ति जताई और उसे रोकने की कोशिश की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ी और विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया।
झड़प के दौरान हुई हिंसक घटना में मुन्ना राजभर की मां भगवती देवी (65) गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनकी बाद में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतका की बहू की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।





.jpg)






