बारुईपुर, 09 मई।
पश्चिम बंगाल में वर्ष 2017 में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के मामले में एक बार फिर न्याय की उम्मीद तेज होती नजर आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ब्रिगेड मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मृतक सौमित्र घोषाल के परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर स्थित दक्षिण गड़िया इलाके के रहने वाले सौमित्र घोषाल की वर्ष 2017 में दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। परिवार का आरोप है कि राजनीतिक कारणों से उन्हें निशाना बनाया गया और हत्या के बाद शव को सुपारी बागान में लटका दिया गया था।
घटना के बाद लंबे समय तक विरोध प्रदर्शन हुए थे और कुछ आरोपितों की गिरफ्तारी भी हुई, लेकिन परिवार को अब तक न्याय नहीं मिल सका। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद परिजन एक बार फिर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और न्याय की उम्मीद लगाए हुए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद परिवार के सदस्यों ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि अब मामले में न्याय मिलने की संभावना बढ़ी है। मृतक की मां बनलता घोषाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के आश्वासन से उन्हें नई उम्मीद मिली है। उनका कहना है कि भाजपा से जुड़े होने के कारण उनके बेटे को निशाना बनाया गया था।
परिवार के अन्य सदस्यों ने भी कहा कि वर्षों तक न्याय के लिए संघर्ष करने के बावजूद उन्हें अपेक्षित परिणाम नहीं मिले, लेकिन अब उन्हें हालात बदलने की उम्मीद दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों ने भी प्रधानमंत्री के इस कदम का स्वागत किया। उनका कहना है कि इतने वर्षों बाद भी मामले को याद रखते हुए पीड़ित परिवार से मुलाकात करना बड़ी बात है, जिससे न्याय की उम्मीद और मजबूत हुई है।



.jpg)






