जामनगर, 09 मई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 और 11 मई को दो दिवसीय गुजरात दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह जामनगर, सोमनाथ और वडोदरा में धार्मिक, सामाजिक और विकास से जुड़े कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और विभिन्न शहरों में उत्साह का माहौल है।
दौरे के पहले दिन 10 मई को प्रधानमंत्री देर रात जामनगर पहुंचेंगे। दिल्ली और अन्य राज्यों के कार्यक्रमों के बाद उनके आगमन की तैयारी शहर में पूरी कर ली गई है। प्रमुख मार्ग गौरव पथ को रोशनी और विशेष सजावट से संवारा गया है। प्रधानमंत्री रात में जामनगर में ही ठहरेंगे।
11 मई की सुबह प्रधानमंत्री सोमनाथ महादेव के सानिध्य में आयोजित ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में शामिल होंगे। सोमनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार और प्राण प्रतिष्ठा के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। सुबह करीब 10:15 बजे हेलिपैड पहुंचने के बाद वीर हमीरजी गोहिल की प्रतिमा तक रोड शो निकाला जाएगा।
इसके बाद प्रधानमंत्री सोमनाथ मंदिर में विशेष महापूजा, कुंभाभिषेक और ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होकर पूजा-अर्चना करेंगे। इस अवसर पर स्मारक सिक्का और डाक टिकट भी जारी किए जाएंगे। साथ ही वह सद्भावना ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित कर सकते हैं। सोमनाथ ट्रस्ट के सदस्यों के साथ मंदिर विकास कार्यों को लेकर बैठक होने की भी संभावना जताई जा रही है।
सोमनाथ कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री वडोदरा के लिए रवाना होंगे। इस दौरान रास्ते में धोलेरा परियोजना की प्रगति की समीक्षा के लिए संक्षिप्त ठहराव की संभावना भी बताई जा रही है।
शाम करीब छह बजे प्रधानमंत्री वडोदरा के वाघोडिया रोड स्थित नवनिर्मित ‘सरदारधाम भवन-3’ का लोकार्पण करेंगे। यह छात्रावास परिसर दो हजार से अधिक विद्यार्थियों के रहने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधाओं से सुसज्जित है। इस अवसर पर पाटीदार समाज की ओर से प्रधानमंत्री को ‘सरदार रत्न’ सम्मान भी दिया जाएगा।
दौरे के अंतिम चरण में गदा सर्कल से एयरपोर्ट तक रोड शो प्रस्तावित है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। सभी कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री देर शाम वडोदरा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।



.jpg)






