अपराध
30 Apr, 2026

सीवान गोलीकांड में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 8 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में घायल

सीवान के आंदर ढाला गोलीकांड में पुलिस ने महज आठ घंटे में आरोपी को मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार किया और एक युवक की मौत हो गई, जांच जारी है।

सीवान, 30 अप्रैल

सीवान नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला के पास हुए सनसनीखेज गोलीकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज आठ घंटे के भीतर एक आरोपी को दबोच लिया।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों के घुटनों में गोली लग गई और वह घायल हो गया।

घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार शाम एक मामूली सड़क दुर्घटना के बाद शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक रूप ले लिया और अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें भाजपा नेता के भगिने हर्ष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई और एसपी पूरन कुमार झा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार सहित कई थानों की पुलिस को लगाया गया।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध वाहन की पहचान की गई।

तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर पुलिस ने हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा निवासी हीरा चौधरी के पुत्र छोटू कुमार यादव को चिन्हित किया और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू की।

पुलिस के अनुसार दबिश के दौरान आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, जिस पर पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई करते हुए उसके दोनों घुटनों में गोली मारी और उसे गिरफ्तार कर लिया।

इसके बाद आरोपी को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार गोली दोनों घुटनों को पार कर गई थी।

हालांकि इस मुठभेड़ पर आधिकारिक बयान सामने नहीं आ सका है, क्योंकि एसपी से संपर्क नहीं हो सका, लेकिन पुलिस सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई आत्मरक्षा में की गई।

फिलहाल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा, जिससे अपराधियों को कड़ा संदेश देने की कोशिश की गई है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

28° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़