नई दिल्ली, 14 मई।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को ब्रिक्स समूह के सदस्य देशों तथा भागीदार देशों के विदेश मंत्रियों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों से मुलाकात की, जिसमें वैश्विक सहयोग और बहुपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर विचार-विमर्श हुआ।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, ब्राजील के विदेश मंत्री मौरो विएरा, दक्षिण अफ्रीका के विदेश मंत्री रोनाल्ड लामोला, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अरागची, इथियोपिया के विदेश मंत्री गेदियन तिमोथियोस हेसेबोन तथा इंडोनेशिया के विदेश मंत्री सुगियोनो सहित अन्य प्रतिनिधियों से भेंट की।
यह बैठक दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की दो दिवसीय बैठक के दौरान हुई, जिसकी अध्यक्षता विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर कर रहे हैं।
बैठक का विषय ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के लिए निर्माण’ रखा गया है, जिसका उद्देश्य ब्रिक्स देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और बहुपक्षीय सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करना बताया गया है।
इस दौरान रूस, ईरान, इंडोनेशिया, संयुक्त अरब अमीरात, दक्षिण अफ्रीका, इथियोपिया तथा अन्य भागीदार देशों के विदेश मंत्रियों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों का भी स्वागत किया गया।








.jpg)





