मीरजापुर, 18 अप्रैल।
विंध्याचल स्थित मां विंध्यवासिनी देवी मंदिर परिसर में शनिवार सुबह ड्यूटी के दौरान एक पीआरडी जवान के अचानक बेहोश होकर गिर जाने की घटना ने हड़कंप मचा दिया। उपचार के दौरान जवान की मौत हो गई, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार चील्ह थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी 45 वर्षीय गोपाल कृष्ण दूबे मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात थे। सुबह लगभग 8:30 बजे वह गणेश द्वार पर ड्यूटी निभा रहे थे, तभी अचानक चक्कर आने से वे जमीन पर गिर पड़े।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें मंडलीय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हालांकि उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही विंध्याचल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव को मोर्चरी में भेज दिया गया।
सूचना पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस के अनुसार जवान की तबीयत ड्यूटी के दौरान अचानक बिगड़ने से यह हादसा हुआ है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।










.jpg)