राजनीति
13 May, 2026

राष्ट्रपति मुर्मु ने फखरुद्दीन अली अहमद को दी श्रद्धांजलि, जयंती पर राष्ट्रपति भवन में पुष्पांजलि

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने फखरुद्दीन अली अहमद की जयंती पर राष्ट्रपति भवन में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी, कई नेताओं ने भी उन्हें याद किया।

नई दिल्ली, 13 मई।

देश के पूर्व राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को राष्ट्रपति भवन में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर कई नेताओं ने भी उन्हें स्मरण करते हुए सम्मान व्यक्त किया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति के एक्स हैंडल पर साझा संदेश में कहा गया कि फखरुद्दीन अली अहमद की जयंती पर राष्ट्रपति भवन में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें विनम्र अभिवादन किया। वहीं कांग्रेस सांसद डॉ. सैयद नसीर हुसैन ने कहा कि उनके द्वारा राष्ट्र के प्रति किया गया योगदान, संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने का कार्य आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

उल्लेखनीय है कि फखरुद्दीन अली अहमद भारत के पांचवें राष्ट्रपति थे। उनका जन्म 13 मई 1905 को दिल्ली में हुआ था और 11 फरवरी 1977 को अपने कार्यकाल के दौरान नई दिल्ली में उनका निधन हो गया था। वह पेशे से वकील थे और स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई थी। 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था।

वह जवाहरलाल नेहरू के करीबी सहयोगियों में शामिल थे और असम से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करते हुए कई बार सांसद चुने गए। उन्होंने केंद्र सरकार में शिक्षा, सिंचाई एवं ऊर्जा, उद्योग और कृषि जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों का दायित्व संभाला।

फखरुद्दीन अली अहमद 1974 से 1977 तक राष्ट्रपति पद पर रहे और उनके कार्यकाल के दौरान ही 1975 में आपातकाल लागू हुआ था। वह देश के दूसरे ऐसे राष्ट्रपति थे जिनका कार्यकाल के दौरान निधन हुआ। उनके योगदान को सम्मान देने के लिए वर्ष 1976 में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा फखरुद्दीन अली अहमद मेमोरियल समिति का गठन किया गया, जो आज भी उर्दू, अरबी और फारसी के विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और छात्रवृत्ति प्रदान करती है तथा शोधार्थियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराती है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़