पुडुचेरी, 09 अप्रैल।
पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ और दोपहर 1 बजे तक 56.83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जिससे मतदाताओं के उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री एन. रंगासामी की गतिविधियां इस चुनाव में सभी का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। वे तट्टांचावडी और मंगालम सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। मतदान से पहले उन्होंने अपने आध्यात्मिक गुरु ‘अप्पा पैथियम स्वामी’ के मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर थिलासुपेट स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाला।
मुख्यमंत्री रंगासामी का सादगीपूर्ण अंदाज़ एक बार फिर चर्चा में है। वे बिना किसी सुरक्षा काफिले के, आम नागरिक की तरह दोपहिया वाहन से मतदान केंद्र पहुंचे और वोट डालने के बाद उसी बाइक से लौट गए। उनका यह तरीका सोशल मीडिया पर “जनता के मुख्यमंत्री” के रूप में तेजी से वायरल हो रहा है।
गृह मंत्री नमशिवायम ने मन्नादीपट्टू के एक सरकारी स्कूल में मतदान किया, जबकि उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने स्वास्थ्य निदेशालय स्थित मतदान केंद्र पर वोट डालकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा लिया। इस बीच, टीवी नेता और अभिनेता विजय ने मतदाताओं से अपील की कि वे अंतिम समय तक जागरूक रहें और अधिक से अधिक मतदान करें।
पुडुचेरी में सभी 30 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान कराया जा रहा है। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए 1,099 मतदान केंद्रों पर 5,000 से अधिक सरकारी अधिकारी और हजारों पुलिसकर्मी तैनात हैं।
इस चुनाव में सत्तारूढ़ एन.आर. कांग्रेस, भाजपा और अन्नाद्रमुक नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का मुकाबला द्रमुक, कांग्रेस और वीसीके के गठबंधन से है। इसके अलावा, तमिझर कच्ची और अभिनेता विजय की तमिलगा वेत्रि कझगम भी चुनावी मैदान में हैं। कुल 30 सीटों पर 294 उम्मीदवार भाग ले रहे हैं।
पुडुचेरी में करीब 9,50,630 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं, जिनमें लगभग 5.03 लाख महिला और 4.4 लाख पुरुष मतदाता शामिल हैं।





.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
