मध्य प्रदेश
09 Apr, 2026

मप्र में 8वां पोषण पखवाड़ा शुरू, मस्तिष्क विकास पर विशेष ध्यान

मध्य प्रदेश में आठवां पोषण पखवाड़ा आज से शुरू हुआ है, जिसमें बच्चों के मस्तिष्क और शारीरिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

भोपाल, 09 अप्रैल।

मध्य प्रदेश में आज से आठवां पोषण पखवाड़ा शुरू हो गया है, जो इस वर्ष “जीवन के पहले छह वर्षों में मस्तिष्क का अधिकतम विकास” विषय पर केंद्रित है और 23 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान प्रदेश के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों और समुदाय स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कार्यक्रमों का शुभारंभ किया जाएगा।

जनसम्पर्क अधिकारी बिन्दु सुनील ने बताया कि पखवाड़े के दौरान “पोषण पर चर्चा” कार्यक्रम के माध्यम से समुदाय के साथ संवाद स्थापित किया जाएगा। इसमें मातृ एवं शिशु पोषण, जन्म से 3 वर्ष तक मस्तिष्क विकास के लिए प्रारंभिक प्रोत्साहन, 3 से 6 वर्ष तक खेल आधारित शिक्षा, बच्चों में स्क्रीन टाइम कम करने में परिवार और समुदाय की भूमिका और सशक्त आंगनवाड़ी निर्माण में सहयोग जैसे विषयों पर गतिविधियाँ आयोजित होंगी।

वैज्ञानिक तथ्यों के अनुसार मानव मस्तिष्क का लगभग 85 प्रतिशत विकास जन्म से 6 वर्ष की आयु तक हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस पखवाड़े में परिवारों और समुदायों में ऐसे व्यवहारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा, जो बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को मजबूत बनाते हैं।

जनसम्पर्क अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए स्वास्थ्य शिविर, पोषण संबंधी कहानी वाचन, दादी-नानी के अनुभव साझा कार्यक्रम, स्थानीय खाद्य सामग्रियों से पौष्टिक व्यंजन प्रतियोगिता, जंक फूड के दुष्प्रभावों पर जागरूकता रैली, बच्चों के विकासात्मक मील के पत्थरों की पहचान अभियान और माता-पिता के लिए प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल सत्र आयोजित किए जाएंगे।

इसके अलावा बच्चों में स्क्रीन टाइम कम करने, खेल आधारित सीखने, माता-पिता की भागीदारी बढ़ाने तथा सामुदायिक सहयोग से आंगनवाड़ी केन्द्रों को मजबूत बनाने के लिए भी विशेष गतिविधियाँ होंगी। 22 अप्रैल को पंखुड़ी पोर्टल के माध्यम से सामुदायिक सहयोग एवं दान अभियान और 23 अप्रैल को पोषण मेला आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं समाज के प्रभावशाली व्यक्तियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

पोषण पखवाड़े में सभी जिलों में रैलियां, पोषण वाटिका निर्माण, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर एवं नारा लेखन प्रतियोगिता, सोशल मीडिया अभियान और आंगनवाड़ी केन्द्रों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी गतिविधियों की जानकारी पोषण अभियान के जन-आंदोलन डैशबोर्ड पर दर्ज की जाएगी।

प्रदेश में महिला एवं बाल विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जनजातीय कार्य, नगरीय प्रशासन एवं विकास और स्कूल शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के समन्वय से यह अभियान संचालित किया जाएगा।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

19° / 34°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़