मध्य प्रदेश
18 Apr, 2026

राजगढ़–कुक्षी मार्ग पर बस हादसा, 14 से अधिक यात्री घायल

राजगढ़–कुक्षी मार्ग पर एक निजी यात्री बस के पलट जाने से 14 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से बस के नीचे दबकर घायल हुआ, वहीं चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया।

कुक्षी, 18 अप्रैल

मध्य प्रदेश के राजगढ़–कुक्षी मार्ग पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। आंबासोटी घाट के पास एक निजी यात्री बस अचानक नियंत्रण खोकर पलट गई। इस दुर्घटना में 14 से अधिक यात्री घायल हो गए, वहीं संजय नामक व्यक्ति के दोनों पैर बस के नीचे दबकर गंभीर रूप से कुचल गए। हादसे के बाद उनकी पत्नी उन्हें गले लगाकर रोती रही।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस राजगढ़ से टांडा बाग मार्ग होते हुए मनावर की ओर जा रही थी। सुबह लगभग 9:30 बजे रिंगनौद के आगे टांडा घाट क्षेत्र में पहुंचते ही चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते बस सड़क किनारे पलट गई। अचानक हुई इस घटना से बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही रिंगनौद चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को बस से निकालकर तत्काल नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया।

संजय की हालत गंभीर, पत्नी भी घायल

टांडा अस्पताल के चिकित्सक डॉ. यतेंद्र जैन के अनुसार, ग्राम घर निवासी संजय के दोनों पैर गंभीर रूप से कुचल गए हैं और उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया है। उनकी पत्नी भी घायल हैं और उनका इलाज जारी है।

घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी

रिंगनौद चौकी प्रभारी गुलाब सिंह भयड़िया ने बताया कि इस दुर्घटना में कुल 14 यात्री घायल हुए हैं। इनमें से 7 को राजगढ़ के कंचन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि शेष 7 का इलाज टांडा के शासकीय अस्पताल में चल रहा है। सभी घायलों को सामान्य से मध्यम चोटें आई हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और फरार बस चालक की तलाश जारी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

23° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़