बलिया, 20 अप्रैल।
गोरखपुर के सांसद और फिल्म अभिनेता रवि किशन ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे महिलाओं के सशक्तिकरण के खिलाफ मानसिकता रखते हैं। उन्होंने कहा कि यदि महिला आरक्षण विधेयक संसद में पारित हो जाता तो इससे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को मजबूती मिलती, लेकिन विपक्ष ने इसका विरोध किया।
बलिया में भगवान परशुराम जयंती समारोह में शामिल होने पहुंचे रवि किशन ने महर्षि भृगु मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के मंच से संबोधन के दौरान और मीडिया से बातचीत में यह बातें कहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के कई राजनीतिक दल परिवारवाद की राजनीति को बढ़ावा देना चाहते हैं और इसी कारण वे महिला आरक्षण का विरोध कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ दलों को यह भय है कि महिलाओं के आगे आने से उनका राजनीतिक प्रभाव कमजोर हो जाएगा। यह सोच पुरुष प्रधान मानसिकता को दर्शाती है। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार इस मानसिकता को बदलने का प्रयास कर रहे हैं और महिलाओं की भागीदारी को हर क्षेत्र में बढ़ावा देने पर जोर दे रहे हैं।
रवि किशन ने यह भी कहा कि अब समय आ गया है कि महिलाओं को केवल घरेलू भूमिकाओं तक सीमित न रखकर उन्हें समाज के सभी क्षेत्रों में बराबरी का अवसर दिया जाए।
इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर और भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्र सहित कई नेता मौजूद रहे।









