चुनाव
09 Apr, 2026

पुदुचेरी में रिकॉर्ड मतदान, 90 प्रतिशत से अधिक वोटिंग ने बनाया नया इतिहास

पुदुचेरी विधानसभा चुनाव में भारी उत्साह के बीच 90 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज कर नया रिकॉर्ड स्थापित किया गया।

पुदुचेरी, 09 अप्रैल।

केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी में गुरुवार को विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक मतदान में भाग लेते हुए नया रिकॉर्ड कायम किया। सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चले मतदान में 90 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया, जो अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा माना जा रहा है।

मुख्य सचिव के अनुसार, शाम 5 बजे तक 86.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जो अंतिम समय तक बढ़ते हुए 90 प्रतिशत के पार पहुंच गया। इससे पहले वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में 83.4 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार लगभग 8,25,820 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया, जबकि करीब 1,24,819 मतदाता मतदान नहीं कर सके।

मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से चुनाव आयोग ने कई नई पहलें की थीं। मतदान केंद्रों पर रोबोट के जरिए लोगों को जागरूक किया गया और मतदान करने पहुंचे मतदाताओं का फूल देकर स्वागत किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए जागरूकता अभियानों का सकारात्मक असर भी देखने को मिला।

प्रदेश में कुल 1,099 मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे, जहां ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के माध्यम से मतदान कराया गया। मतदान समाप्त होने के बाद मशीनों को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सील कर सुरक्षा के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में पहुंचाया गया।

ईवीएम को 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी और केंद्रीय बलों व राज्य पुलिस की तीन स्तरीय सुरक्षा में सुरक्षित रखा जाएगा। मतगणना 4 मई को होगी, जिसके बाद नई सरकार के गठन की दिशा तय होगी। पुदुचेरी में कारैकाल, माहे और यनम सहित कुल 30 विधानसभा सीटें हैं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

22° / 33°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़