हल्दिया, 09 अप्रैल 2026।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को हल्दिया में आयोजित चुनावी जनसभा में पश्चिम बंगाल की मौजूदा तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि निवेश का माहौल डर से नहीं, बल्कि भरोसे से बनता है, जो केवल भाजपा ही दे सकती है। उन्होंने यह चुनाव बंगाल के वैभव को पुनर्स्थापित करने का अवसर बताया।
मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल कभी देश की आर्थिक और औद्योगिक प्रगति का केंद्र रहा है, लेकिन वर्तमान सरकार ने राज्य को विकास के पैमानों पर पीछे धकेल दिया है। उन्होंने हल्दिया के ऐतिहासिक औद्योगिक महत्व का उल्लेख करते हुए बताया कि यह क्षेत्र प्राचीन काल में वैश्विक व्यापार का केंद्र था और आधुनिक भारत में भी बड़ा औद्योगिक हब रहा, लेकिन अब फैक्ट्रियां बंद हो रही हैं।
प्रधानमंत्री ने तृणमूल सरकार पर “भय और सिंडिकेट की राजनीति” करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उद्योग और फैक्ट्रियां गुंडाराज से नहीं, बल्कि भरोसे से चलती हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के शासन वाले राज्यों में विकास और निवेश का माहौल इसी भरोसे पर खड़ा हुआ है और बंगाल में भी ऐसा ही मॉडल लागू किया जाएगा।
रोजगार और पलायन के मुद्दे पर मोदी ने कहा कि कभी हल्दिया में लोग रोजगार के लिए आते थे, लेकिन अब युवा दूसरे राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार में निजी क्षेत्र में अवसर सीमित और सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार हुआ है, जिससे युवाओं के सपने टूटे हैं।
प्रधानमंत्री ने राजनीतिक आरोपों को तेज करते हुए कहा कि राज्य में “कट मनी और कमीशन” का सिस्टम चल रहा है, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने दावा किया कि बंगाल के लोग बदलाव के लिए तैयार हैं और भाजपा की जीत का उत्साह साफ दिख रहा है।
नंदीग्राम का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि पांच साल पहले वहां के नतीजों ने बदलाव का रास्ता दिखाया था और अब भवानीपुर में वही दोहराया जाएगा। धर्म आधारित आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने तृणमूल सरकार पर वोटबैंक साधने और संविधान का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।
मोदी ने भरोसा दिलाया कि भाजपा की सरकार बनने पर सभी योजनाएं संविधान के अनुसार लागू की जाएंगी और हर वर्ग को उसका अधिकार मिलेगा। उन्होंने विशेष रूप से माहिष्य समुदाय की मांगों का जिक्र किया, जिन्हें लंबे समय से नजरअंदाज किया गया।
केंद्र सरकार की योजनाओं का उदाहरण देते हुए उन्होंने पीएम मत्स्य संपदा योजना और आयुष्मान भारत योजना का जिक्र किया और कहा कि बंगाल में इन्हें ठीक से लागू नहीं किया गया। उन्होंने भाजपा के “डबल इंजन सरकार” मॉडल को लेकर भरोसा जताया कि केंद्र और राज्य में एक ही दल की सरकार होने से विकास और निवेश बढ़ेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर राज्य में बंदरगाह आधारित विकास, ब्लू इकॉनमी और कृषि क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा, जिससे किसानों और मछुआरों को सीधे लाभ मिलेगा। उन्होंने रोजगार सृजन का वादा किया और कहा कि युवाओं के लिए रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। बंगाल में परिवर्तन की लहर चल पड़ी है और जनता भय की राजनीति को खत्म कर विकास और विश्वास के रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए तैयार है।






.jpg)
.jpg)




