नई दिल्ली, 04 नवंबर।
भारतीय रेलवे ने इस वर्ष अक्टूबर में माल ढुलाई के क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा दर्ज किया है। रेलवे ने महीने के दौरान 14.5 करोड़ टन से अधिक माल का परिवहन किया, जो पिछले वर्ष इसी अवधि की तुलना में आठ प्रतिशत से ज्यादा है। माल ढुलाई और उससे होने वाली आय में वृद्धि रेलवे की आर्थिक गतिविधियों को गति देने और देश की परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती है।
अक्टूबर में खाद्यान्न की ढुलाई में 26 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई। घरेलू कोयले का परिवहन 16 प्रतिशत बढ़ा, क्लिंकर की ढुलाई में दस प्रतिशत से ज्यादा और लौह अयस्क के परिवहन में पांच प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
बिजलीघरों की बढ़ी हुई मांग को पूरा करने के लिए रेलवे ने घरेलू कोयले की आपूर्ति भी तेज की। अक्टूबर के दौरान प्रतिदिन औसतन करीब 470 मालगाड़ी रैक के जरिए कोयला पहुंचाया गया।
माल परिवहन के साथ यात्री आवागमन में भी लगातार वृद्धि देखी गई। इस वर्ष अक्टूबर में रेलवे ने 64 करोड़ से अधिक यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया। पिछले वर्ष इसी महीने में यह संख्या करीब 63 करोड़ थी।














