भोपाल, 07 अप्रैल 2026।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार दोपहर लोक भवन के सामने सड़क अचानक धंस गई, जिससे सड़क के नीचे से गुजर रही पानी की पाइपलाइन फट गई और क्षेत्र पानी में डूब गया। घटना में करीब 150 मीटर सड़क तालाब जैसी स्थिति में बदल गई।
घटना दोपहर डेढ़ बजे हुई। घाटी से बड़े तालाब तक जाने वाली बिना फिल्टर पानी की पाइपलाइन में लीकेज होने और तेज दबाव के कारण फट गई। तेज बहाव ने सड़क के नीचे की मिट्टी को कमजोर कर दिया और सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उस समय सड़क पर कोई वाहन नहीं था।
हालांकि, इसी जर्जर हिस्से से विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर का काफिला गुजर गया। सड़क पर जलभराव और फिसलन के बावजूद ट्रैफिक डायवर्ट नहीं किया गया, जिससे जोखिम बढ़ गया। तेज पानी के बहाव ने मलबा और गिट्टी सड़क पर फैला दी, जिससे दोपहिया वाहन चालक बाल-बाल बच पाए।
मौके पर नगर निगम की टीम पहुंची और पाइपलाइन की मरम्मत शुरू कर दी। सुरक्षा के लिए क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर आवागमन नियंत्रित किया गया।













