सेंट पीटर्सबर्ग, 02 अप्रैल
रूस ने एक बार फिर क्यूबा के साथ अपने मजबूत रिश्तों को दोहराया और इसे अपना रणनीतिक साझेदार बताया है, साथ ही यह स्पष्ट किया कि मॉस्को क्यूबा को हरसंभव समर्थन देगा, विशेषकर ऐसे समय में जब देश ऊर्जा संकट से जूझ रहा है।
रूसी परिवहन मंत्री आंद्रेई निकितिन ने अंतरराष्ट्रीय परिवहन और लॉजिस्टिक्स फोरम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहा कि क्यूबा, रूस का रणनीतिक साझेदार है और उसे दिया जाने वाला समर्थन लगातार जारी रहेगा। उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि रूस अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानून का पालन करता है और उसके जहाज रूसी झंडे के तहत संचालित होते हैं।
मंत्री ने यह भी बताया कि क्यूबा तक मानवीय सहायता सामग्री पहुंचाई जा रही है और जहाजों की आवाजाही पर रोक लगाने का कोई आधार नहीं हो सकता क्योंकि यह वैश्विक अर्थव्यवस्था का मूल सिद्धांत है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि रूसी टैंकर 'अनातोली कोलोदकिन', जिसमें एक लाख टन तेल की मानवीय सामग्री थी, को क्यूबा पहुंचाया गया।
हवाना में ईंधन की स्थिति तब और गंभीर हो गई जब 3 जनवरी को अमेरिका ने वेनेजुएला में राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने के लिए सैन्य अभियान चलाया। वेनेजुएला लंबे समय से क्यूबा को तेल की आपूर्ति करने वाले मुख्य देशों में शामिल रहा है। इसके अलावा, 29 जनवरी को अमेरिका ने एक कार्यकारी आदेश जारी किया, जिसके तहत क्यूबा को तेल आपूर्ति करने वाले देशों से आने वाले माल पर शुल्क लगाने का अधिकार रखा।
हालांकि इससे पहले अमेरिका ने रूस और अन्य देशों द्वारा क्यूबा को समय-समय पर की जाने वाली मानवीय तेल आपूर्ति पर कोई आपत्ति नहीं जताई थी।











