मनीला, 23 जुलाई।
फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित आसियान से जुड़े कार्यक्रमों के दौरान विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने ओमान के विदेश मंत्री सैयद बद्र बिन हमद अल बुसैदी से मुलाकात कर खाड़ी क्षेत्र के मौजूदा हालात पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय घटनाक्रम पर विचार साझा किए और भविष्य में भी संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।
बैठक के बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि ओमान के विदेश मंत्री से मुलाकात उपयोगी रही और दोनों पक्षों ने खाड़ी क्षेत्र की स्थिति पर अपने विचारों का आदान-प्रदान किया। यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब अमेरिका और ईरान के बीच हालिया सैन्य घटनाओं के बाद पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा हुआ है।
इससे पहले विदेश मंत्री ने नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया नीदरलैंड यात्रा के बाद द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के रूप में आगे बढ़ाने पर चर्चा की। बातचीत में सेमीकंडक्टर, जल संसाधन, ग्रीन हाइड्रोजन, स्वास्थ्य और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र की फिलिस्तीनी शरणार्थियों के लिए कार्यरत एजेंसी यूएनआरडब्ल्यूए के कार्यवाहक आयुक्त-जनरल क्रिश्चियन सॉन्डर्स से भी मुलाकात की। इस दौरान स्वास्थ्य और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में हाल ही में आयोजित डोनर्स कॉन्फ्रेंस में भारत की ओर से किए गए योगदान और प्रतिबद्धताओं पर चर्चा हुई।
फिलीपींस के आधिकारिक दौरे पर पहुंचे जयशंकर ने 21वें ईस्ट एशिया समिट (ईएएस) में भी हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर से मुलाकात कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाएं पहुंचाईं और आसियान की अध्यक्षता के लिए भारत के समर्थन को दोहराया।
विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और फिलीपींस के बीच रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है तथा दोनों देश वर्ष 2025-2029 की कार्ययोजना को मिलकर आगे बढ़ा रहे हैं।












