गुरुग्राम, 23 जुलाई।
लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का गुरुग्राम स्थित मेदांता मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती रहने के बावजूद अनशन गुरुवार को 26वें दिन भी जारी रहा। अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन में उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है और सभी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मानकों को सामान्य बताया गया है।
अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संजय दुरानी द्वारा जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार वांगचुक पूरी तरह होश में हैं, सतर्क हैं और उनके सभी वाइटल पैरामीटर सामान्य सीमा में हैं। उनका उपचार उनकी सूचित सहमति के अनुरूप जारी है।
उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद 21 जुलाई की शाम सोनम वांगचुक को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल परिसर में उनकी सुरक्षा के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है और बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।
वांगचुक का खुला पत्र सार्वजनिक होने के बावजूद अब तक सरकार की ओर से उनसे कोई औपचारिक बातचीत नहीं हुई है। हालांकि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा था कि उनके पत्र का जल्द जवाब दिया जाएगा।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति की निगरानी कर रही है और आवश्यक चिकित्सा देखरेख जारी है।











