काठमांडू, 23 जुलाई।
नेपाल के शिक्षा मंत्री सस्मित पोखरेल के खिलाफ गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर के बाहर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया।
जानकारी के अनुसार शिक्षा मंत्री पोखरेल विश्वविद्यालय के 67वें वार्षिक दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कीर्तिपुर पहुंचे थे। कार्यक्रम स्थल के बाहर कुछ युवाओं ने उनके विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया और इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए।
काठमांडू जिला पुलिस परिसर के एसपी पवन कुमार भट्टराई ने बताया कि नारेबाजी और प्रदर्शन कर रहे पांच लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने "नेपो बेबी मुर्दाबाद" और "मेरिटोक्रेसी लागू करो" जैसे नारे लगाए तथा शिक्षा मंत्री से पद छोड़ने की मांग की।











