जबलपुर, 16 मई।
जबलपुर में शनिवार को ज्येष्ठ अमावस्या के अवसर पर शनि देव का जन्मोत्सव श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। इस मौके पर तिलवारा घाट स्थित शनि मंदिर में ब्रह्म मुहूर्त में विधि-विधान से भगवान शनि का अभिषेक और पूजन संपन्न हुआ। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंजता रहा।
मान्यता है कि न्याय के देवता शनि देव व्यक्ति को उसके कर्मों के अनुसार फल और दंड प्रदान करते हैं। इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह से ही तिलवारा घाट स्थित शनि मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर में तिल और तेल से अभिषेक का क्रम सुबह से शुरू होकर देर रात तक जारी रहने की संभावना रही। इस दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान भी विधिवत रूप से संपन्न किए जा रहे हैं और श्रद्धालु लगातार पूजा में शामिल हो रहे हैं।
भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं।










