लखनऊ, 18 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए योगी सरकार द्वारा जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों के विस्तार पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। राज्य के विभिन्न जिलों में 20 नए सर्वोदय विद्यालयों का निर्माण प्रगति पर है, जिनके पूर्ण होने के बाद इन विद्यालयों की कुल संख्या बढ़कर 123 हो जाएगी।
वर्तमान में प्रदेश में 103 सर्वोदय विद्यालय संचालित हैं, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। वर्ष 2017 से पहले इन विद्यालयों की संख्या केवल 93 थी, लेकिन वर्तमान सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए लगातार विस्तार और नई सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार इन विद्यालयों में आधुनिक शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन आधारित व्यवस्था और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। निर्माणाधीन 20 विद्यालयों को भी स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय, खेल मैदान, छात्रावास, स्वच्छ पेयजल और सुरक्षित परिसर जैसी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।
विभागीय जानकारी के अनुसार मथुरा, गोंडा, बलिया, कानपुर देहात, अमरोहा, पीलीभीत, महराजगंज, अम्बेडकर नगर, हाथरस, औरैया, कासगंज, अलीगढ़, हापुड़, सोनभद्र, मऊ सहित कई जिलों में नए विद्यालयों का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी तरह मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, गौतमबुद्ध नगर, शाहजहांपुर और कन्नौज में भी सर्वोदय विद्यालयों की स्थापना की जा रही है। इनमें से दो विद्यालय पहले ही शुरू हो चुके हैं।
समाज कल्याण विभाग ने बताया कि इन विद्यालयों से अतिरिक्त छात्रों को प्रवेश का अवसर मिलेगा, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिलेगी। यहां छात्रों को निशुल्क शिक्षा के साथ किताबें, यूनिफॉर्म और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। सरकार की इस पहल से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण सुधार देखा जा रहा है।










.jpg)