अररिया, 30 अप्रैल।
जिले के बौसी थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व 27 अप्रैल को घर के समीप मकई के खेत से एक नवविवाहिता का हत्या किया हुआ शव बरामद होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
मृतका की पहचान नंदनपुर वार्ड संख्या 9 निवासी रूबैसा खातून, पति मो. सरवर के रूप में हुई थी। मामले में एसपी द्वारा गठित विशेष छापेमारी दल ने 48 घंटे के भीतर तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों में मृतका की सौतन 30 वर्षीय मरजीना खातून तथा उसका सहयोगी नंदनपुर वार्ड संख्या 9 निवासी 25 वर्षीय मो. मीनाज उर्फ मिन्हाज शामिल हैं। इस संबंध में सदर एसडीपीओ ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी।
एसडीपीओ ने बताया कि 27 अप्रैल की दोपहर मकई के खेत से महिला का शव बरामद किया गया था, जिसके बाद बौसी थाना में कांड दर्ज किया गया। एफएसएल टीम और वैज्ञानिक जांच के साथ विशेष दल ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को दबोच लिया।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि मो. सरवर ने रूबैसा खातून से दूसरी शादी की थी और वह पहली पत्नी मरजीना खातून को तलाक देने की प्रक्रिया में था। इसी बात की जानकारी मिलने पर मरजीना ने अपनी सौतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची और मो. मीनाज ने इसमें सहयोग किया, जिसके बाद घटना को अंजाम दिया गया।
छापेमारी दल में थाना अध्यक्ष, अपर थाना अध्यक्ष, एसआई और डीआईयू की टीम शामिल रही, जिन्होंने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।





.jpg)





