सीवान, 23 अप्रैल
सीवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र के जलालपुर पेट्रोल पंप के पास झाड़ियों में एक मानव कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद आसपास के लोग दहशत में आ गए और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
स्थानीय लोगों ने इस बात की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। थानाध्यक्ष मोहन कुमार निराला और एएसआई जयप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने बरामद कंकाल को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है, जबकि डीएनए परीक्षण और फोरेंसिक जांच के लिए इसे मुजफ्फरपुर भेजने की तैयारी की जा रही है।
फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल पाएगा कि कंकाल कितने समय पुराना है, मृतक की उम्र क्या थी और उसकी मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।










.jpg)
