उत्तर प्रदेश
16 May, 2026

शाहबेरी बाजार में आग से मचा हड़कंप, आठ दुकानें जल कर राख

नोएडा के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी भीषण आग में आठ दुकानें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं,वहीं दमकल विभाग की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से कई अन्य दुकानों को सुरक्षित बचा लिया गया।

नोएडा, 16 मई।

थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में शुक्रवार देर रात अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब 30 दमकल गाड़ियों की मदद से लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।

इस आगजनी की घटना में आठ दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जबकि तत्परता से की गई कार्रवाई के चलते 15 से 20 दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जिससे बड़ी राहत मिली है।

मुख्य दमकल अधिकारी ने जानकारी दी कि देर रात सूचना प्राप्त हुई थी कि शाहबेरी गांव के फर्नीचर मार्केट में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई है। बताया गया कि आग सबसे पहले एक पॉलिथीन की दुकान में लगी, जिसके बाद उसने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

फर्नीचर मार्केट में थिनर, पेंट और वार्निश जैसे ज्वलनशील पदार्थों के उपयोग के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल की 30 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।

अधिकारियों ने बताया कि घटना स्थल काफी भीड़भाड़ और संकरी जगह वाला क्षेत्र है, जहां यातायात का भारी दबाव रहता है। पुलिस ने ट्रैफिक को डायवर्ट कर दमकल वाहनों को मौके तक पहुंचाया, जिससे आग पर नियंत्रण पाने में सफलता मिली और बड़ा नुकसान टल गया। 

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़