समस्तीपुर, 16 मई।
समस्तीपुर जिले के चंदौली बनकुरवा वार्ड-7 में शुक्रवार देर रात गैस सिलेंडर फटने से लगी भीषण आग में कई घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
घटना में रोहित कुमार राम, उपेंद्र राम, राजेंद्र राम और अरुण राम के आवासों में आग लग गई, जिसमें घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर, आवश्यक दस्तावेज और दैनिक उपयोग की सभी सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई।
इस हादसे के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं और उनके समक्ष भोजन व आवास की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।
घटना की जानकारी मिलने पर समस्तीपुर के चिकित्सक डॉ मनोज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और अपने निजी कोष से पीड़ित परिवारों को सहायता राशि, खाद्य सामग्री और त्रिपाल उपलब्ध कराया।
डॉ सिंह ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है और इसने परिवारों का आशियाना छीन लिया है, जो बेहद दुखद स्थिति है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में वह पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ितों के साथ खड़े हैं और तत्काल राहत के रूप में आवश्यक सामग्री दी गई है तथा आगे भी जरूरत के अनुसार सहायता जारी रहेगी।
घटनास्थल पर सुरेंद्र प्रसाद सिंह, अरुण कुमार सिंह, कमलेश कुमार, गौतम राय, सकेंद्र राम, राम सूरत राम, वार्ड सदस्य जितेंद्र राम, जय राम सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।














.jpg)
.jpg)