लातेहार, 14 मई।
बालूमाथ प्रखंड के बरवाटोला गांव में बुधवार रात आए तेज तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया। तूफान के दौरान एक विशाल पेड़ ग्रामीण राजेंद्र गंझु के घर पर आ गिरा, जिससे घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में उनकी पत्नी सीमा देवी (40) गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर स्थिति की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात अचानक तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया था। इसी दौरान गांव में घर के पास खड़ा बड़ा पेड़ तेज हवाओं में टूटकर घर पर गिर पड़ा। उस समय पूरा परिवार घर के भीतर मौजूद था। पेड़ की चपेट में आकर सीमा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। बाद में उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
घटना की सूचना मिलने पर गुरुवार सुबह प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और पूरे हालात का जायजा लिया। अंचल अधिकारी बालेश्वर राम और प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमा उरांव ने परिजनों से मुलाकात की तथा सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।















