पलामू, 14 मई।
जिले में बुधवार देर शाम आए तेज आंधी-बारिश ने व्यापक तबाही मचाई, जिसमें पेड़ गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल का इलाज मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच), मेदिनीनगर में जारी है। वहीं, डालटनगंज रेलवे स्टेशन के समीप सिंगरा क्षेत्र में रेलवे का तार टूटने से करीब एक घंटे तक रेल परिचालन बाधित रहा। कई गरीब परिवारों के घर भी इस आपदा में क्षतिग्रस्त हो गए।
तूफान के कारण कई मकानों की छतों को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि छतों पर लगे सोलर पैनल भी टूटकर नष्ट हो गए। प्रशासन द्वारा क्षेत्र में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
हैदरनगर हाई स्कूल–शिवालय रोड के मरघटिया क्षेत्र में एक विशाल पीपल का पेड़ अचानक गिरने से बाइक सवार दो लोग इसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में बिहार के औरंगाबाद जिले के बड़ेम थाना क्षेत्र के तिवारीडीह निवासी 50 वर्षीय कामदेव चंद्रवंशी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके रिश्तेदार अनिल चंद्रवंशी (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को एमएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, कामदेव चंद्रवंशी एक शादी समारोह में शामिल होने रामबांध के धोबियाडीह टोला आए थे। इसी दौरान तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अनिल चंद्रवंशी बाइक से इलाज के लिए हैदरनगर ले गए थे। उपचार के बाद दोनों लौट रहे थे, तभी तेज आंधी-तूफान में सड़क किनारे पेड़ बाइक पर गिर गया और दोनों उसकी चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें निजी वाहन से हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कामदेव को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अनिल को एमएमसीएच रेफर किया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
एक अन्य घटना में लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के नौडीहा गांव में तेज आंधी-बारिश के दौरान 18 वर्षीय पप्पू कुमार की पेड़ गिरने से दबकर मौत हो गई। वह अपने गांव से साउंड सिस्टम लेकर बारात में शामिल होने जा रहा था, तभी सड़क किनारे पेड़ गिरने से वह उसकी चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों ने जेसीबी की मदद से उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
घटनाओं की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति की जानकारी ली। पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है, जबकि प्रशासन राहत और नुकसान आकलन में जुटा है।














